
गाजीपुर। सरजू पांडे पार्क में कर्पूरी ठाकुर सेना के तत्वावधान में जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर आयोजित समारोह में भाजपा सरकार पर लोकतंत्र और मौलिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने कर्पूरी ठाकुर को महान नेता बताते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक कुरीतियों और विसंगतियों के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों की हितैषी है और छोटे कारोबारियों व गरीबों की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने सीबीआई और ईडी के दुरुपयोग की बात कही और भाजपा पर जातीय व साम्प्रदायिक वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्पूरी ठाकुर सेना के जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर ठाकुर ने की और संचालन अमित ठाकुर ने किया। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव, पूर्व मंत्री चौधरी लालता प्रसाद निषाद सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
संयोजक अमित ठाकुर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र पर संकट है, जिसे दूर करने के लिए संघर्ष जरूरी है।