ब्रेकिंग – मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कचहरी मोड़, बुनकर कॉलोनी के सामने सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक की पहचान अंकित सिंह (पुत्र स्वर्गीय प्रमोद सिंह), निवासी पिपनार थाना मरदह, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अंकित सिंह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में एक युवती ने उनसे लिफ्ट मांगी, जिस पर उन्होंने उसे बाइक पर बैठा लिया। करीब पांच मिनट बाद जैसे ही वे कचहरी मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार प्रिया गुप्ता, निवासी सिवान (बिहार), गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रिया गुप्ता मऊ में रहकर सिलाई का काम करती हैं। घटना की रात वह एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रही थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।














