गाजीपुर – रामपुर माझां थाना क्षेत्र के देवकली ग्राम पंचायत अंतर्गत पट्टी चितौली गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। मृतक की पहचान 31 वर्षीय रामाश्रय यादव पुत्र इन्द्रदेव यादव के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, रामाश्रय सात भाइयों में सबसे छोटा था और इसी वर्ष मई माह में उसका विवाह हुआ था।परिवार के मुताबिक, वह 23 अक्टूबर की शाम से घर से लापता था। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह गांव के सिवान में चिलबिल के पेड़ से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने तलाश की तो रामाश्रय का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला।घटना की सूचना मिलते ही रामपुर माझां थानाध्यक्ष अशोक गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक दो दिन पूर्व घर से नाराज होकर निकला था। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई नन्दलाल यादव की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पत्नी लकी यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।














