गाजीपुर – मरदह थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें सास, बहू और बाइक चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कैथवली गांव के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे सतेन्द्र कुमार (निवासी हैदरगंज), उनके पीछे बैठीं राजेश्वरी देवी और उनकी बहू रिंकी देवी (निवासी बिजोरा गांव) दूर जा गिरे। तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि सास और बहू एक दिन पहले गांव में हुए विवाद के सिलसिले में मरदह थाने आई थीं और वापस लौटते समय उन्हें कोई सवारी नहीं मिली। इसी दौरान गांव के सतेन्द्र कुमार से लिफ्ट लेकर वे घर जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही दूरी तय करने के बाद मऊ की ओर से आ रही कार ने टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।














