गाजीपुर – दिलदारनगर-भदौरा मुख्य मार्ग पर वायरलेस मोड़ के पास सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उसीया दक्षिण मोहल्ला निवासी मुदस्सिर अली अंसारी (18) पुत्र मजहर अंसारी अपने बड़े भाई सैफ अली अंसारी को दिलदारनगर गांव में एक कार्यक्रम में छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वायरलेस मोड़ और रकसहा के बीच मुख्य मार्ग के तिराहे के पास भदौरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर ट्रेलर के नीचे फंसे युवक के शव तथा क्षतिग्रस्त बाइक को बाहर निकलवाया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार ट्रेलर का नंबर BR03GC24441 और बाइक का नंबर UP61AL6478 है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां हुस्न वानो का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थाना उप प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि मृतक के चाचा आमिर हुसैन अंसारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।














