ग़ाज़ीपुर – रेवतीपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जमानियां सर्किल के अंतर्गत की गई। सोमवार को पुलिस ने घेराबंदी कर थाना क्षेत्र के सलेमपुर डेरा के पास नगसर मार्ग से तीनों आरोपितों को उस समय दबोच लिया, जब वे फरार होने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास कुमार (19), नीरज (19) और सुमित (20) के रूप में हुई है, जो नगसर नेवाजू राय के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों को थाने लाकर पूछताछ की और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना बीते शनिवार की है, जब 16 वर्षीय छात्र प्रिंस जायसवाल इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहा था। उतरौली के पास नकाबपोश हमलावरों ने उसकी बाइक रुकवाकर हॉकी, बेल्ट और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे मरा समझकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।














