ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार SUV कार का कहर देखने को मिला, जहां सड़क किनारे हॉस्टल लौट रहे पांच छात्रों को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी छात्र कॉलेज से लौटकर अपने-अपने हॉस्टल जा रहे थे। जैसे ही वे जीएल बजाज कॉलेज के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही SUV ने पहले तीन छात्रों को टक्कर मारी और फिर आगे बढ़ते हुए दो अन्य छात्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मदद करते हुए सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
एक छात्र की हालत नाजुक
घायलों में से दो छात्राएं और एक छात्र शारदा विश्वविद्यालय में लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि दो अन्य छात्र जीएल बजाज कॉलेज के बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, एक छात्र की हालत गंभीर है, जिसका पैर कई जगह से टूट गया है। उसे पहले आईसीयू में भर्ती किया गया था और अब बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर करने की तैयारी की जा रही है। बाकी छात्रों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
एसीपी ग्रेटर नोएडा अरविंद कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि SUV कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे छात्र उसकी चपेट में आ गए। कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा।
पुलिस कार्रवाई जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त SUV को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है, जिससे निर्दोष लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है।














