गाजीपुर – मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने के आरोपों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सदर विधायक जै किशुन साहू, जंगीपुर विधायक डॉ. बीरेंद्र यादव और जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाने की साजिश की जा रही है। नेताओं ने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया और चेतावनी दी कि यदि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से काटा गया तो पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
जंगीपुर विधायक डॉ. बीरेंद्र यादव ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के बहाने चिन्हित वोटर्स का मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्येक बूथ से मतदाताओं के नाम काटने के निर्देश दिए गए हैं।
👇
सदर विधायक जै किशुन साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर चिन्हित वर्गों के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर एक भी वोट गलत तरीके से काटा गया तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने इस मुद्दे पर ममता बनर्जी द्वारा किए जा रहे आंदोलन का भी समर्थन किया।
सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने प्रशासन का ध्यान फॉर्म-7 के दुरुपयोग की ओर दिलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना समुचित जांच-पड़ताल के मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है, जिससे एक खास वर्ग को मतदान के अधिकार से वंचित किया जा सकता है। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को अपारदर्शी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन लेने के बाद गाजीपुर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सपा नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है। यदि कहीं कोई त्रुटि होती है तो उसे नियमानुसार ठीक कराया जाएगा। कोई भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा और मतदाता सूची निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से तैयार की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने प्रशासन से पुनरीक्षण प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी राजनीतिक दबाव में कार्रवाई न करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी संघर्ष जारी रखेगी।














