बिरनो : जनपद के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी है कि अस्थायी गोआश्रय स्थल मलेठी मोड़ बद्धोपुर, विकास खंड बिरनो के संचालन का कार्य अब किसी गैर सरकारी संगठन या स्वयंसेवी संस्था को सौंपा जाएगा। यह निर्णय 22 मई 2025 को आयोजित जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है।विकास खंड स्तरीय समिति, बिरनो द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रस्ताव के अनुसार, इच्छुक संस्थाएं 22 जून 2025 तक आवेदन कर सकती हैं। चयनित संस्था को पशुपालन विभाग के साथ एमओयू (सहमति पत्र) साइन करना होगा, जिसमें नियम और शर्तें निर्धारित होंगी। चयन के बाद संस्था एक निश्चित अवधि तक गोआश्रय स्थल का संचालन करेगी।गोआश्रय स्थल में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण हेतु शासन द्वारा निर्धारित धनराशि संस्था को मासिक रूप से प्रदान की जाएगी। संचालन के दौरान यदि गोआश्रय व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है, तो विभाग द्वारा संस्था से संचालन का कार्य किसी भी समय वापस लिया जा सकता है।यह पहल गोवंश कल्याण और पशुपालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।