गाजीपुर – सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के आमघाट इलाके में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे श्रीविलास कॉम्प्लेक्स पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को पिछले कई दिनों से यहां अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने अचानक होटल में दबिश दी और दस्तावेजों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, लेकिन होटल संचालन से जुड़े रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण कागजात जब्त कर लिए गए। कार्रवाई के बाद होटल को अस्थायी रूप से सील कर ताला लगा दिया गया है। एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गलत गतिविधियों की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल जब्त दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।














