गाजीपुर – पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 को जनपद में 1317 केएल पेट्रोल और 1690 केएल डीजल उपलब्ध है, जो पर्याप्त मात्रा में है। वहीं घरेलू गैस सिलेण्डरों का स्टॉक भी 24,093 है।
आंकड़ों के अनुसार 30 मार्च 2026 को 234 केएल पेट्रोल और 457 केएल डीजल की बिक्री हुई, जबकि 25 मार्च को 255 केएल पेट्रोल और 438 केएल डीजल की बिक्री दर्ज की गई थी। इसी प्रकार 30 मार्च को 5,678 घरेलू गैस सिलेण्डर बेचे गए और 8,581 सिलेण्डर बुक किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के कारण लोग अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि जनपद में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल की बिक्री सामान्य स्तर पर आ गई है और किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी नहीं है।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की खरीद करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कोई भी व्यक्ति या संस्था अनधिकृत रूप से पेट्रोल, डीजल या गैस का भंडारण न करे।
यदि कोई व्यक्ति गैलन, ड्रम या अन्य पात्रों में अवैध रूप से ईंधन संग्रह करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा प्रतिदिन आपूर्ति की निगरानी की जा रही है।














