नागपुर: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को चेतावनी दी कि दुनिया तेजी से एक गंभीर टकराव की ओर बढ़ रही है, जहां तीसरे विश्व युद्ध की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। नागपुर में आयोजित ‘बियॉन्ड बॉर्डर्स’ नामक पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में बोलते हुए गडकरी ने कहा कि रूस-यूक्रेन और इजराइल-ईरान जैसे युद्धों ने वैश्विक स्तर पर संघर्ष का माहौल बना दिया है।
“महाशक्तियों की तानाशाही से समन्वय और प्रेम खत्म”
गडकरी ने दो टूक शब्दों में कहा कि आज की दुनिया में महाशक्तियों की निरंकुशता और तानाशाही के चलते आपसी समन्वय, सद्भाव और प्रेम खत्म होता जा रहा है। इसका नतीजा यह है कि दुनिया भर में तनाव और टकराव का माहौल तेजी से गहराता जा रहा है।
“युद्ध की तकनीक बदल गई है, मानवता खतरे में”
गडकरी ने आधुनिक युद्ध तकनीकों की भयावहता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “अब युद्ध में टैंक और पारंपरिक हथियार नहीं, बल्कि मिसाइलें और ड्रोन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। ये हथियार सीधे आम नागरिकों पर हमला कर रहे हैं, जिससे मानवता की रक्षा करना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है।”
“भारत दे सकता है दुनिया को शांति का मार्ग”
कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने भारत की सांस्कृतिक विरासत और अहिंसात्मक परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह देश सत्य, शांति और करुणा के प्रतीक बुद्ध की भूमि है। उन्होंने कहा कि भारत को वैश्विक घटनाओं की विवेचना कर एक संतुलित और दूरदर्शी नीति तय करनी चाहिए, जिससे वह दुनिया को मार्गदर्शन दे सके।
“विनाश की ओर बढ़ रही है दुनिया”
केंद्रीय मंत्री ने गंभीर स्वर में कहा,“शायद कहना उचित न हो, लेकिन जो कुछ भी हो रहा है, वह धीरे-धीरे विनाश की ओर ले जा रहा है। अगर समय रहते वैश्विक चर्चा और समाधान नहीं हुए, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकते हैं।”