गाजीपुर – मुहम्मदाबाद इलाके में बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में मां और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा यूसुफपुर-बाराचवर मार्ग पर लखनौली गांव के पास करीब साढ़े सात बजे हुआ, जब एक ट्रेलर वाहन ने बाइक सवारों को कुचल दिया।
मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के आबादान उर्फ बैरान गांव निवासी रणजीत चौरसिया अपनी पत्नी कुसुम देवी (32), छह वर्षीय बेटी अनन्या और आठ वर्षीय भतीजी कीर्ति चौरसिया के साथ बाइक से बलिया जिले के रसड़ा में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। लखनौली गांव के पास रणजीत ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई।
गिरते ही कुसुम देवी और दोनों बच्चियां ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।














