Tuesday, March 31, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeगेहूं की फसल में भीषण आग, 12 बीघा फसल जलकर खाक

गेहूं की फसल में भीषण आग, 12 बीघा फसल जलकर खाक

ग़ाज़ीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के बीरबलपुर गांव में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के चलते आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते लगभग 12 बीघा फसल इसकी चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य फसलें बचाई जा सकीं।

जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में रणधीर सिंह और दीनानाथ सिंह की करीब 10 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। वहीं दीनानाथ सिंह से बटाई पर खेती कर रही शनिचरी देवी की लगभग 2 बीघा फसल भी जल गई। इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

फसल जलने से पीड़ित शनिचरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि यही फसल उनके परिवार के सालभर के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा थी। फसल नष्ट होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

आग बुझाने के लिए आसपास के गांवों के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर से जुताई कर तथा पेड़ों की डालियों से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान करीब छह लोग मामूली रूप से झुलस गए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम लगभग दो घंटे की देरी से पहुंची। मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक ने नुकसान का आकलन कर सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button