Friday, February 27, 2026
Your Dream Technologies
HomeMadhya Pradeshइंदौर के रावजी बाजार में बड़ा गैस रिसाव: आंखों में जलन-खांसी से...

इंदौर के रावजी बाजार में बड़ा गैस रिसाव: आंखों में जलन-खांसी से दहशत, 5 लोग अस्पताल में भर्ती; कबाड़ी पर मामला दर्ज

इंदौर: इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिलेंडर से अचानक गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस आसपास के इलाके में फैल गई, जिससे लोगों की आंखों में जलन और खांसी की शिकायतें बढ़ने लगीं।

घटना के दौरान करीब चार से पांच लोगों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार सभी की हालत स्थिर है और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

दमकल की एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने सिलेंडर पर लगातार पानी का छिड़काव कर उसे ठंडा किया। लगभग आधे से एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव पर नियंत्रण पाया गया। बाद में सिलेंडर को बोरी से ढककर गैस के फैलाव को पूरी तरह रोका गया।

रिसाव रोकने की कार्रवाई के दौरान कुछ दमकलकर्मियों की तबीयत भी बिगड़ी, हालांकि सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

कबाड़ी सिलेंडर काट रहा था, तभी हुआ रिसाव

एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक कबाड़ी सिलेंडर को काट रहा था, तभी उसमें भरी गैस बाहर निकलने लगी और तेजी से इलाके में फैल गई। पुलिस ने शहजाद नामक कबाड़ी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे हिरासत में लिया गया है।

यह भी जांच की जा रही है कि सिलेंडर उसे किसने बेचा था और क्या उसमें गैस भरी होने की जानकारी थी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया। प्रशासन ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है।

दहशत में आए लोग

गैस फैलने के बाद स्थानीय निवासियों और पुलिसकर्मियों ने मुंह और नाक पर रूमाल बांधकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश की। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा।

फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन इलाके में निगरानी जारी रखी गई है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button