
गाजीपुर – जंगीपुर नगर पंचायत कार्यालय पर आज सुबह ताला खुलते ही दर्जनों महिलाएं और पुरुष जलजमाव और नाली निर्माण की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे। नगरवासियों का गुस्सा अधिशासी अभियंता अजय कुमार गुप्ता के लिखित आश्वासन पर शांत हुआ, जिसमें उन्होंने शीघ्र सुधार की पहल करने का वादा किया।
समस्याएं और प्रदर्शन
नगर पंचायत कार्यालय के समीप और कृष्ण नगर वार्ड नंबर 8 में अंबिका यादव के घर तक फैले गंदे पानी और खस्ताहाल सड़कों के कारण स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। अशोक कश्यप के घर से लालजी राम के घर तक नाली का गंदा पानी बह रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
अमरजीत यादव ने बताया कि यह समस्या लगभग 12 वर्षों से बनी हुई है। पूर्व में भी डीएम और एसडीएम को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जलजमाव से फैलने वाले दुर्गंध के कारण एक लड़की की डेंगू से मौत हो गई, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर 20 दिनों के भीतर समाधान नहीं किया गया, तो वे जिले के उच्च अधिकारियों के कार्यालय पर धरना देंगे।

अधिशासी अभियंता का बयान
अधिशासी अभियंता अजय कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों से बात करते हुए कहा कि 15वें वित्त आयोग का प्रस्ताव जिला अधिकारी के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जलजमाव की समस्या फिलहाल सीवर सेक्शन मशीन के खराब होने से उत्पन्न हुई है, लेकिन इसे जल्द सुधार कर पानी निकाल दिया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों की सूची
प्रदर्शन में चंदा देवी, रीमा, उषा, मनोरमा, प्रमिला, सुनील, राहुल, अमरजीत, आशीष, शशि, पंकज, अच्छेलाल, अंबिका यादव, बबलू पहलवान, उमेश यादव, मुंशी यादव, दूधनाथ राम समेत दर्जनों लोग शामिल हुए।
नगर पंचायत में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव और नाली निर्माण की समस्याओं को लेकर लोग अब और इंतजार के मूड में नहीं हैं। प्रशासन से समाधान की उम्मीद की जा रही है, अन्यथा विरोध तेज हो सकता है।

