ब्रेकिंग – बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी है। सोनभद्र, कौशांबी और बलिया समेत कई जिलों में कार्रवाई चल रही है, जबकि लखनऊ स्थित आवास पर तलाशी पूरी हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ से करीब साढ़े 11 करोड़ रुपये नकद, महंगी घड़ियां, सोना-चांदी और कीमती जेवर बरामद हुए हैं। हालांकि विभाग ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बुधवार सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में आयकर विभाग की कई टीमें एक साथ 15 से अधिक ठिकानों पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि करीब 1000 करोड़ रुपये की संभावित टैक्स चोरी के मामले में दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। लखनऊ आवास पर लगभग 50 अधिकारियों ने सुबह साढ़े सात बजे से अगले दिन सुबह 9 बजे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं थी।
सोनभद्र में छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के दफ्तर में भी 24 अधिकारी जांच में जुटे हैं। गेट अंदर से बंद कर तलाशी ली जा रही है। दिलचस्प बात यह रही कि कुछ अधिकारी शादी के बाराती बनकर पहुंचे थे और वाहनों पर शादी के पंपलेट लगाए गए थे।
रसड़ा (बलिया) से तीन बार विधायक रहे उमाशंकर सिंह फिलहाल गंभीर बीमारी के चलते इलाज करा रहे हैं। इस कार्रवाई से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।














