ईरान और इजराइल के बीच जारी भीषण युद्ध के चलते दोनों देश एक-दूसरे पर लगातार घातक हमले कर रहे हैं। इस गंभीर स्थिति में विभिन्न देश अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। भारत सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए ऑपरेशन सिंधु तेज कर दिया है, जिसके तहत ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने का सिलसिला जारी है।
रविवार रात ईरान के मशहद से 285 भारतीय नागरिक एक विशेष विमान से सुरक्षित दिल्ली पहुंचे, जहां केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया।
अब तक 1,713 भारतीय नागरिक स्वदेश लौटे
विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने बताया, “ईरान के मशहद से 285 भारतीय नागरिक सुरक्षित दिल्ली पहुंचे हैं। इनमें बिहार, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के लोग शामिल हैं। इस ऑपरेशन के तहत अब तक कुल 1,713 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा चुका है।” उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दो दिनों में ईरान से 2-3 और विशेष उड़ानों की योजना है ताकि सभी भारतीय सुरक्षित घर लौट सकें।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि भारत सरकार इजराइल और ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से निरंतर संपर्क में है।
“हालात हर दिन खराब हो रहे थे”
ईरान से लौटे भारतीय नागरिकों ने भारत सरकार की इस पहल के लिए आभार जताया। लौटने वाली नागरिक शमा फिरोज ने कहा, “मुझे गर्व है कि भारत सरकार ने हमारी इस मुश्किल घड़ी में मदद की। ईरान में भारतीय दूतावास ने हमारी बहुत अच्छी देखभाल की। मैं सरकार को धन्यवाद देती हूं। जय हिंद, जय भारत!”
मुंबई के सैयद शहजाद अली जाफरी, जो जियारत के लिए ईरान गए थे, ने कहा, “ईरान में हालात रोज खराब होते जा रहे थे, हम डर के साए में जी रहे थे। भारत सरकार ने हमें हिम्मत दी और सुरक्षित स्वदेश लौटाया, इसके लिए मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।”
इसी तरह सतीर फातिमा ने कहा, “ईरान में स्थिति लगातार खराब हो रही थी। हमें घर लौटना किसी चमत्कार से कम नहीं है। मैं भारत सरकार और प्रधानमंत्री मोदी को दिल से धन्यवाद देती हूं।”
सरकार नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध
विदेश मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि विदेश में रह रहे प्रत्येक भारतीय नागरिक की सुरक्षा भारत सरकार की प्राथमिकता है। युद्ध प्रभावित क्षेत्र से सभी नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए ऑपरेशन सिंधु तब तक जारी रहेगा, जब तक एक-एक भारतीय स्वदेश नहीं लौट आता।