गौतमबुद्धनगर: के थाना इकोटेक प्रथम क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में लुकसर हत्याकांड के दो वांछित अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, इमलिया कट के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
सचिन पुत्र शीशपाल, निवासी ग्राम हसनपुर, थाना जहांगीरपुर, जनपद बुलंदशहर
विपिन उर्फ कल्ला पुत्र सुरेश उर्फ बुग्गा, निवासी लुकसर, थाना इकोटेक प्रथम
थाना इकोटेक-1 (ग्रेटर नोएडा) पुलिस व ग्राम लुक्सर में एक व्यक्ति की हत्या में शामिल 02 बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाशों के पैर में लगी गोली, घायल व गिरफ्तार। कब्जे से अवैध शस्त्र व कार बरामद।
बाइट-@DCPGreaterNoida https://t.co/nfq06kJQ7t pic.twitter.com/A1v7NlF6Io
— POLICE COMMISSIONERATE GAUTAM BUDDH NAGAR (@noidapolice) February 25, 2026
दोनों की उम्र लगभग 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी थाना इकोटेक प्रथम पर पंजीकृत मु0अ0सं0 23/2026 सहित अन्य मामलों में वांछित चल रहे थे।
हथियार और कार बरामद
मौके से पुलिस ने एक पिस्टल .32 बोर मय जिंदा व खोखा कारतूस, एक पिस्टल .30 बोर मय जिंदा व खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार (UP16EP2392) बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
अस्पताल में भर्ती, आगे की कार्रवाई जारी
घायल दोनों अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित धाराओं में भी मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के बाद अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जाएगी।














