गाजीपुर। मुहम्मदाबाद क्षेत्र में बुधवार शाम अवैध बालू परिवहन के खिलाफ भांवरकोल पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के पखनपुरा के पास बिना वैध दस्तावेज बालू ले जा रहे पांच ट्रकों का चालान किया गया। इन वाहनों पर कुल 1,43,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार ट्रकों के पास अंतरराज्यीय परिवहन शुल्क परमिट (आईएसटीपी), वैध चालान, रॉयल्टी और जीएसटी दस्तावेज नहीं थे। खनन निरीक्षक ईश्वर चंद्र ने बताया कि ट्रकों को थाने में खड़ा कर जुर्माना वसूली की प्रक्रिया जारी है।














