
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ पहली बड़ी कार्रवाई हुई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को दिल्ली परिवहन विभाग के छह अधिकारियों को भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह आम आदमी पार्टी (AAP) की हार के बाद राजधानी में पहली बड़ी छापेमारी है।
भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
CBI अधिकारियों ने बताया कि परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के सत्यापन के दौरान कई स्तरों पर भ्रष्टाचार के संकेत मिले, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
AAP सरकार पर पहले भी लगते रहे हैं आरोप
दिल्ली में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। 70 सदस्यीय विधानसभा में AAP सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई, जबकि भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की।
पिछले 10 वर्षों से दिल्ली की सत्ता में रही AAP सरकार पर कई भ्रष्टाचार के आरोप लगे। खुद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के कई नेता भ्रष्टाचार के मामलों में जेल जा चुके हैं।