गाजीपुर – मरदह थाना क्षेत्र के चवर गांव में पानी पीने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर महिलाओं समेत सभी सदस्यों के साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला के अनुसार, वह अपने पट्टीदार के हैंडपंप से पानी पीती थीं। बीती रात करीब नौ बजे आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे और सब्बल लेकर उनके घर पहुंच गए। गाली-गलौज करते हुए उन्होंने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए महिला घर के अंदर भागीं, लेकिन हमलावर वहां भी घुस आए।
बीच-बचाव करने आए पति और बेटियों को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। मारपीट में परिवार के कई सदस्यों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और जमीन व घर हड़पने की मंशा जताई।
मरदह थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।














