गाजीपुर: – शादियाबाद और सैदपुर क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर गिरोह का बृहस्पतिवार की शाम भंडाफोड़ हुआ है, जो खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर व्यापारियों से अवैध वसूली कर रहा था। व्यापारियों की सतर्कता और एकजुटता के चलते इस गिरोह की साजिश उजागर हो गई।
घटना का खुलासा श्रीनिवास किराना स्टोर पर हुआ, जहां आरोपियों की कार्यप्रणाली और उनके बयानों में विरोधाभास देखकर लोगों को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान उनके जवाब लगातार बदलते रहे, जिससे आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपियों में अफरा-तफरी मच गई और गिरोह का सरगना सरस गुप्ता मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही शादियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सात लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार (चोलापुर, वाराणसी), सदानंद प्रसाद (सादात), प्रमोद कुमार (युसुफपुर, मुहम्मदाबाद), रवि पटेल (लहरतारा, वाराणसी), देवा पटेल (सुल्तानपुर, शिवपुर, वाराणसी), संकेत गुप्ता (मुहम्मदाबाद) और सुशीला गुप्ता (युसुफपुर, मुहम्मदाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी भी जब्त कर ली है।
शादियाबाद थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि “प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर व्यापारियों को डराते थे और अवैध वसूली करते थे। गिरोह के फरार सरगना की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।”
पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह कितने समय से सक्रिय था तथा किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। व्यापारियों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।














