नई दिल्ली, 25 अक्टूबर:महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान शिंदे ने प्रधानमंत्री को दीवाली और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ और संत तुकाराम महाराज की प्रतिमा भेंट की। दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र के विकास, गठबंधन की एकजुटता और पॉड टैक्सी परियोजना समेत कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
राजनीतिक पृष्ठभूमि में हुई मुलाकात
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब शिवसेना (शिंदे गुट) के एक नेता ने पुणे में कुछ जमीन सौदों को लेकर बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, मोहोल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। इस पृष्ठभूमि में शिंदे की यह मुलाकात राजनीतिक रूप से भी अहम मानी जा रही है।
शिष्टाचार भेंट, लेकिन कई विषयों पर हुई चर्चा
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“मैंने आज देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की और उन्हें दिवाली व नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। आदरणीय मोदी जी को शॉल, पुष्पगुच्छ और संत तुकाराम महाराज की प्रतिमा भेंट की गई। इस दौरान कई सकारात्मक विषयों पर चर्चा हुई।”
शिंदे ने कहा कि एनडीए गठबंधन के सभी घटक दल विचारों में एकजुट हैं, और यह गठबंधन आगे भी मजबूत बना रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र में जारी विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
90 मिनट तक चली मुलाकात, स्थानीय चुनावों पर भी हुई बात
करीब 90 मिनट चली इस बैठक में महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति और आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों पर भी चर्चा हुई।
शिंदे ने कहा,
“यह दिवाली के अवसर पर एक शिष्टाचार मुलाकात थी। प्रधानमंत्री हमेशा यह मानते हैं कि राजग और महायुति विकास के एजेंडे पर आधारित वैचारिक गठबंधन हैं।”
स्थानीय निकाय चुनावों में महायुति के सहयोगी दलों के बीच मतभेदों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि “स्थानीय नेता अपने क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लेना चाहते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय वरिष्ठ नेताओं द्वारा ही लिया जाएगा।”
📍#नवी_दिल्ली |
देशाचे लोकप्रिय पंतप्रधान आदरणीय @narendramodi जी यांची आज नवी दिल्ली येथे त्यांच्या निवासस्थानी सदिच्छा भेट घेऊन दिवाळी आणि नववर्षाच्या शुभेच्छा दिल्या.
आदरणीय मोदीजींना शाल, पुष्पगुच्छ आणि संत तुकाराम महाराजांची मूर्ती भेट दिली. यावेळी अनेक विषयावर सकारात्मक… pic.twitter.com/mOvTjAXHOR
— Eknath Shinde – एकनाथ शिंदे (@mieknathshinde) October 25, 2025
पॉड टैक्सी और बाढ़ग्रस्त इलाकों पर चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट में विशेष रुचि दिखाई। शिंदे ने उन्हें परियोजना की अद्यतन जानकारी दी और इसे गति देने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति पर भी गंभीरता से जानकारी ली। शिंदे ने किसानों की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार की सहायता से राज्य सरकार राहत उपायों को आगे बढ़ा रही है। इस पर प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
गठबंधन की एकजुटता पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकात के दौरान कहा कि एनडीए और महायुति के सभी घटक दलों को एकजुट रहकर विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने शिंदे परिवार को भी दीवाली की शुभकामनाएं दीं और राज्य में चल रही परियोजनाओं की प्रशंसा की।
यह मुलाकात भले ही दिवाली के अवसर पर एक शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन इसमें महाराष्ट्र की राजनीति, आगामी चुनाव और विकास परियोजनाओं को लेकर कई अहम चर्चाएं हुईं। पॉड टैक्सी जैसे भविष्यवादी प्रोजेक्ट पर हुई बात ने इस मुलाकात को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।














