गाज़ीपुर – थाना दिलदारनगर पुलिस टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी अंग्रेजी शराब, 10 पेटी बीयर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार 528 रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 21 दिसंबर 2025 को उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह चंदेल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसी की बोरियों के बीच छिपाकर अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
भूसी के बीच छिपी थी शराब
तलाशी के दौरान ट्रॉली में भूसी की बोरियों के अंदर 20 पेटी 8PM अंग्रेजी शराब, कुल 960 पाउच (172.8 लीटर) तथा 10 पेटी किंगफिशर बीयर, कुल 240 केन (120 लीटर) बरामद की गई। साथ ही एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया।
दो अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से मनोज कुमार मौर्य निवासी जनपद जौनपुर और राकेश कुमार उर्फ सोनू यादव निवासी जनपद बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना दिलदारनगर में मु0अ0सं0 251/2025 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।














