
नई दिल्ली: 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में प्रचंड बहुमत के साथ वापसी करने वाली बीजेपी ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया है। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता के साथ छह कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें परवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, पंकज सिंह, कपिल मिश्रा और रविंदर इंद्रराज सिंह शामिल हैं। अब सबकी नजरें विभागों के बंटवारे पर टिकी हैं।
शीला दीक्षित की राह या अरविंद केजरीवाल की शैली?
मुख्यमंत्री बनने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेखा गुप्ता का प्रशासनिक मॉडल कैसा होगा? क्या वह शीला दीक्षित की तरह अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी खुद संभालेंगी, या फिर अरविंद केजरीवाल की तरह बिना किसी मंत्रालय के काम करेंगी?
शीला दीक्षित (1998-2013) ने अपने कार्यकाल में गृह, वित्त, पर्यटन, योजना, पर्यावरण, कला-संस्कृति सहित कई बड़े मंत्रालय अपने पास रखे थे। वहीं, अरविंद केजरीवाल (2013-2024) ने किसी भी मंत्रालय की जिम्मेदारी खुद नहीं संभाली और इसे अपने मंत्रियों को सौंप दिया।
दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बनीं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बनी हैं। दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में अब तक कई दिग्गज नेताओं ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली है:
- 1952: चौधरी ब्रह्म प्रकाश यादव (कांग्रेस)
- 1993: मदनलाल खुराना (बीजेपी)
- 1996: साहिब सिंह वर्मा (बीजेपी)
- 1998: सुषमा स्वराज (बीजेपी)
- 1998-2013: शीला दीक्षित (कांग्रेस)
- 2013-2024: अरविंद केजरीवाल (AAP)
- 2024 (सितंबर): आतिशी (AAP)
अब, रेखा गुप्ता को मिली यह कमान बीजेपी के लिए बड़ी परीक्षा होगी।
आतिशी ने संभाले थे कई मंत्रालय
अरविंद केजरीवाल की उत्तराधिकारी आतिशी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD), पावर, शिक्षा, वित्त, जल, कानून सहित कई मंत्रालय अपने पास रखे थे।
क्या रेखा गुप्ता निभाएंगी खुद जिम्मेदारी?
दिल्ली में अब तक बीजेपी के जितने भी मुख्यमंत्री रहे हैं, उन्होंने अहम मंत्रालय खुद संभाले हैं। ऐसे में संभावना है कि रेखा गुप्ता भी अपनी सरकार की कमान मजबूती से थामेंगी। अब देखना होगा कि वह शीला दीक्षित की कार्यशैली अपनाती हैं या केजरीवाल की रणनीति पर चलती हैं।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।