नोएडा के थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ज्वैलरी और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 2 अप्रैल 2026 को लोकल इंटेलिजेंस की मदद से चलाए गए अभियान के दौरान थाना सेक्टर-126 क्षेत्र से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशांक सिंह, प्रदीप, रोहित कुमार और वासु के रूप में हुई है। इनके पास से एक डायमंड सोलिटेयर, एक सोने की चेन और 14,530 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
शातिर तरीके से बनाते थे शिकार
जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देते थे। ये लोग फर्जी आधार कार्ड के जरिए किराए पर कमरा लेते थे और अपनी असली पहचान छुपाते थे। इसके बाद विभिन्न ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे।
जब कोई व्यक्ति इनके झांसे में आकर मिलने पहुंचता था, तो आरोपी उसे आपत्तिजनक स्थिति में फंसा लेते थे और उसकी फोटो व वीडियो बना लेते थे। इसके बाद इन फोटो-वीडियो को वायरल करने और परिवार को भेजने की धमकी देकर पीड़ित से मोटी रकम वसूलते थे। इतना ही नहीं, डर के माहौल में पीड़ित के पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण भी छीन लेते थे।
संगठित गिरोह की तरह करते थे काम
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था और चोरी के मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड और नकली पहचान का इस्तेमाल करता था। इनके खिलाफ ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और लूट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
@noidapolice की बड़ी कार्रवाई @Acp1Noida @Sho126Noida ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए ठगी, ब्लैकमेल और छिनैती करने वाले 4 अभियुक्त गिरफ्तार किए
फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को बुलाते थे, फिर फोटो/वीडियो से धमकाकर वसूली करते थे।
ज्वैलरी व ₹14,530 नगद बरामद। #NoidaPolice #CyberCrime pic.twitter.com/nFFTijQhoW
— PARDAPHAAS NEWS (@pardaphaas) April 2, 2026
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों में से एक रोहित कुमार के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।
पुलिस की अपील
नोएडा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, खासकर डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।
इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय साइबर-आधारित अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।














