नोएडा: कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश (Krishna Karunesh) के नेतृत्व और पहल पर प्राधिकरण ने अपने यहां कार्यरत लगभग 4800 आउटसोर्स कर्मचारियों को 5 लाख रुपये तक का मेडिकल बीमा कवर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 12 मार्च 2026 को मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के निर्देशन में इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई। उनके मार्गदर्शन में कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
बोर्ड बैठक के फैसले को मिला सीईओ का समर्थन
दरअसल, इस योजना को लागू करने का निर्णय नोएडा प्राधिकरण की 215वीं बोर्ड बैठक में 26 अक्टूबर 2024 को लिया गया था। लेकिन इसे प्रभावी रूप से लागू करने के लिए मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने विशेष रुचि लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि उनके सक्रिय नेतृत्व के कारण यह योजना अब धरातल पर उतर सकी है।
परिवार के पांच आश्रितों को भी मिलेगा लाभ
नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवार के पांच आश्रित सदस्यों को भी मेडिकल बीमा का लाभ मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष अधिकतम 5 लाख रुपये तक के इलाज का खर्च कवर किया जाएगा, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में भी आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
प्राधिकरण ही देगा पूरा प्रीमियम
इस स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष लगभग 10 हजार रुपये का प्रीमियम नोएडा प्राधिकरण द्वारा वहन किया जाएगा। यह भुगतान श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता एजेंसी के माध्यम से SBI General Insurance Company को किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों पर किसी भी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
ईएसआई सीमा के कारण कई कर्मचारी रह गए थे बाहर
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ईएसआई विभाग द्वारा निर्धारित 21 हजार रुपये की वेतन सीमा के कारण नोएडा प्राधिकरण के कई कर्मचारी ईएसआई और अन्य मेडिकल सुविधाओं से बाहर हो गए थे। इसके बाद कर्मचारियों की ओर से स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समाधान निकालने के निर्देश दिए।
कई बीमा कंपनियों के प्रस्तावों के बाद हुआ चयन
4800 आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत @noida_authority ने सराहनीय फैसला लेते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों को ₹5 लाख तक का मेडिकल इंश्योरेंस कवर देने का निर्णय लिया है।
साथ 5 आश्रित परिवारजन भी इस योजना में शामिल होंगे।
यह कदम हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। pic.twitter.com/scJF6rn7Pv
— PARDAPHAAS NEWS (@pardaphaas) March 12, 2026
मेडिकल बीमा योजना के लिए आयोजित बैठक में SBI General Insurance, United India Insurance, HDFC Bank और Bajaj Allianz सहित कई कंपनियों ने अपनी योजनाओं की प्रस्तुति दी। विस्तृत मूल्यांकन के बाद SBI General Insurance Company के प्रस्ताव को सबसे उपयुक्त मानते हुए चयनित किया गया।
पहले दिन से ही मिलेगा इलाज
इस योजना की खास बात यह है कि बीमा लागू होने के पहले दिन से ही कर्मचारियों को इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। इसमें सामान्य बीमारी से लेकर गंभीर बीमारियों तक के इलाज को शामिल किया गया है। इसके अलावा नोएडा और दिल्ली के अधिकांश बड़े अस्पताल इस बीमा नेटवर्क में शामिल रहेंगे, जिससे कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
कर्मचारियों के हित में संवेदनशील पहल
नोएडा प्राधिकरण हमेशा से ही अपने कर्मचारियों के हितों को लेकर सतर्क और संवेदनशील रहा है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के नेतृत्व में पहली बार आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए इस तरह की व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लागू की गई है, जिसे कर्मचारियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ
इस फैसले से लगभग 4800 कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवार के हजारों सदस्य भी स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में आएंगे। आपात स्थिति में इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
कुल मिलाकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश की पहल पर लिया गया यह निर्णय नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है।














