
Delhi News: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री आतिशी ने डीटीसी कर्मचारियों को राहत भरी खबर दी है। उन्होंने ऐलान किया कि डीटीसी के संविदा ड्राइवरों और कंडक्टरों की तनख्वाह में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार हमेशा से डीटीसी कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत रही है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
इतनी बढ़ेगी तनख्वाह
आतिशी ने जानकारी दी कि संविदा ड्राइवरों की मौजूदा तनख्वाह ₹21,918 से बढ़ाकर ₹32,918 प्रति माह और संविदा कंडक्टरों की तनख्वाह ₹21,918 से बढ़ाकर ₹29,250 प्रति माह की जाएगी। इस वेतन वृद्धि पर कुल ₹222 करोड़ का खर्च आएगा, जिसे दिल्ली सरकार वहन करेगी।
डीटीसी बसें हैं दिल्ली की ‘लाइफलाइन’
मुख्यमंत्री ने कहा कि डीटीसी बसें दिल्ली की जीवनरेखा हैं। ये न केवल लोगों को उनके काम और स्कूल-कॉलेज तक पहुंचाती हैं, बल्कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने डीटीसी के ड्राइवरों और कंडक्टरों को उनकी मेहनत और सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया।
कर्मचारियों की मांगों को दी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बताया कि डीटीसी में वर्तमान में 4,564 संविदा ड्राइवर और 17,850 संविदा कंडक्टर कार्यरत हैं। हाल ही में कर्मचारियों ने अपनी वर्किंग कंडीशंस और सैलरी को लेकर हड़ताल की थी। सरकार ने उनकी मांगों को जायज माना और उनके साथ सकारात्मक बातचीत कर समाधान निकाला। उन्होंने कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और विश्वास के चलते दिल्ली की बस सेवा और अर्थव्यवस्था सुचारू रूप से चल सकी।
अब एलजी की मंजूरी का इंतजार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव अब उपराज्यपाल (एलजी) को भेजा जाएगा। उम्मीद है कि अगले एक-दो महीने में इसे मंजूरी मिल जाएगी और कर्मचारियों को नई सैलरी मिलने लगेगी।
नई सैलरी संरचना
- कंडक्टर: पे-ग्रेड लेवल 2, बेसिक पे ₹19,200, ग्रेड पे ₹1,900, कुल ₹29,250 प्रति माह।
- ड्राइवर: पे-ग्रेड लेवल 3, बेसिक पे ₹21,700, ग्रेड पे ₹2,000, कुल ₹32,918 प्रति माह।
इस वेतन वृद्धि से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और भी उत्साह के साथ दिल्ली की सेवा करेंगे। AAP सरकार का यह फैसला चुनाव से पहले कर्मचारियों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।