गाजीपुर – शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. उपासना रानी वर्मा ने एक अहम प्रशासनिक निर्णय लिया है। उन्होंने रेवतीपुर के खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम को भदौरा ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
यह निर्णय भदौरा के वर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह पटेल के अचानक हार्ट अटैक के कारण लिया गया है। खराब स्वास्थ्य के चलते वे चिकित्सकीय अवकाश पर चले गए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सुरेंद्र सिंह पटेल पिछले लगभग दस माह से भदौरा में तैनात थे।
अतिरिक्त प्रभार मिलने की सूचना पर रेवतीपुर क्षेत्र के शिक्षकों ने अशोक कुमार गौतम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों ने उनके नेतृत्व में भदौरा शिक्षा क्षेत्र में शैक्षणिक कार्यों में सुधार की उम्मीद जताई।
प्रभार ग्रहण करने के बाद अशोक कुमार गौतम ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बच्चों की नियमित उपस्थिति, पठन-पाठन की निरंतरता और विद्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने, विद्यालयों के नियमित एवं सघन निरीक्षण तथा पारदर्शी और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
शिक्षा विभाग के अनुसार, अशोक कुमार गौतम एक तेजतर्रार, अनुशासनप्रिय और सख्त प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। उनके आने से भदौरा शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट बीटीसी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुधाकर सिंह, उपाध्यक्ष संत कुमार गुप्ता, जूनियर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














