गाजीपुर – रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार की अध्यक्षता में एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कार्य में लापरवाही पाए जाने पर चिकित्सा अधीक्षक ने पांच एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने या दोबारा लापरवाही मिलने पर वेतन रोकने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. कुमार ने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन अनिवार्य है। बैठक में आभा आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई और आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने का आदेश दिया गया।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के चिन्हीकरण, टीकाकरण, हाई-रिस्क मामलों की पहचान, संस्थागत प्रसव, रूटीन इम्यूनाइजेशन और नवजात शिशु देखभाल को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में कई अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।














