गाजीपुर – भांवरकोल थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी संतोष कुमार राय और उनकी टीम ने कई वर्षों से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सर्वेश कुमार राजभर उर्फ पिंटू के रूप में हुई है, जो ग्राम भदौरा का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के ओखला क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मा0 कुटुंब न्यायालय गाजीपुर में धारा 128 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज था। उस पर गुजारा भत्ता के रूप में 3,15,000 रुपये का भुगतान न करने का आरोप था। अदालत द्वारा बार-बार समन, वसूली वारंट और गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने के बावजूद वह लगभग चार वर्षों से फरार चल रहा था।
25 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जिला कारागार गाजीपुर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना भांवरकोल की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।














