भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अध्यक्ष पद संभालने के तुरंत बाद संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नितिन नबीन ने कल दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में एक अहम संगठनात्मक बैठक बुलाई है। यह बैठक सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी और शाम 5 बजे तक चलने की संभावना है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री, प्रदेश प्रभारी और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आगामी चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर पार्टी को और सशक्त करने को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा। नितिन नबीन के साथ इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ संगठनात्मक नेता बी.एल. संतोष भी मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली में यह नितिन नबीन की पहली बड़ी बैठक है, जिसे संगठन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। नितिन नबीन को कल निर्विरोध बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। उनके पक्ष में 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, और मंगलवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। वह इस पद पर आसीन होने वाले बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
नितिन नबीन ने जेपी नड्डा की जगह ली है, जो वर्ष 2020 से इस पद पर कार्यरत थे। नबीन बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। वह पांच बार विधायक रह चुके हैं और पार्टी के शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। उनके समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन दाखिल किया था। इससे पहले, 14 दिसंबर 2025 को उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
हम ऐसे राजनीतिक दल के सदस्य हैं…
जहाँ राजनीति सत्ता नहीं, साधना है।
राजनीति भोग नहीं, त्याग है।
राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है।
राजनीति केवल पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है। pic.twitter.com/HvLFLfWYJw— Nitin Nabin (@NitinNabin) January 20, 2026
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले संबोधन में नितिन नबीन ने कहा,“हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पद नहीं, बल्कि एक बड़ा उत्तरदायित्व है।”
उन्होंने कहा कि इस वर्ष पांच राज्यों में चुनाव होने हैं और आने वाले समय में भाजपा और भी अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। नितिन नबीन ने भाजपा के विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनने का श्रेय पार्टी के प्रेरणादायी नेतृत्व, सशक्त विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं को दिया।
लोगों को लगता होगा कि मैं लगातार तीन बार से देश का प्रधानमंत्री हूं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होना मेरे लिए सबसे अधिक गर्व की बात है। जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तो हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी मेरे भी बॉस हैं। pic.twitter.com/Yc2UiL8Yj5
— Narendra Modi (@narendramodi) January 20, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए भावुक शब्दों में कहा,
“आज से नितिन नबीन मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता।”
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक संस्कार और एक परिवार है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बीजेपी में अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते; नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा नहीं बदलती।
नितिन नबीन की यह पहली बैठक न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि आने वाले चुनावों से पहले भाजपा की रणनीति तय करने में भी निर्णायक साबित हो सकती है।














