गाजीपुर – ताड़ी घाट–बारा नेशनल हाईवे 124C पर मंगलवार से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अल्टीमेटम के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने अपने पक्के और अस्थायी निर्माण स्वयं तोड़ने शुरू कर दिए। यह हाईवे 38.600 किलोमीटर लंबा है और सीधे बिहार को जोड़ता है।
ग्रामीणों ने स्वयं गिराने शुरू किए निर्माण
नवली गांव के पास हाईवे किनारे बने कई पक्के मकानों पर लोगों ने खुद हथौड़ा चलाना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने सभी अतिक्रमणकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने अस्थायी और पक्के निर्माण खुद ही हटा लें, अन्यथा विभाग बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करेगा और जुर्माना भी लेगा।
अतिक्रमण हटने से बढ़ेगी सड़क सुरक्षा
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से आवागमन सुगम होगा और सड़क हादसों में कमी आएगी। निर्देशों के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा है।
मंत्रालय के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने हाईवे को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश दिया था। इसके बाद विभाग ने एक माह पहले भदौरा से मेदनीपुर तक के 20 किलोमीटर क्षेत्र में आने वाले करीब 100 लोगों को नोटिस जारी किए थे।
दोनों ओर 10–10 मीटर तक हटेंगे सभी अवैध निर्माण
अधिशासी अभियंता मृत्युंजय यादव ने बताया कि मंत्रालय के निर्देशानुसार हाईवे के मध्य से दोनों ओर दस-दस मीटर के दायरे में आने वाले सभी अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। कई लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। अगर कोई नहीं हटाएगा तो विभाग कार्रवाई कर बुलडोजर चलाएगा और जुर्माना भी वसूलेगा।














