उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है। डिटेंशन सेंटर स्थापित करने से लेकर पुलिस विभाग को विशेष निर्देश देने तक, प्रदेश सरकार लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को भी सतर्क रहने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।
“प्रदेश की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” — मुख्यमंत्री योगी
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पत्र जारी करते हुए कहा:“मेरे सम्मानित प्रदेशवासी, उत्तर प्रदेश की सुरक्षा, सामाजिक संतुलन और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी घुसपैठियों के विरुद्ध सख्त और निर्णायक कार्रवाई शुरू की गई है।”
जनता से सतर्क रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने आगे कहा:“मैं प्रदेश की जागरूक जनता से अपील करता हूं कि सतर्क रहें, और घरेलू या व्यावसायिक कार्यों के लिए किसी भी व्यक्ति को नियुक्त करते समय उसकी पहचान अवश्य सत्यापित करें। प्रदेश की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि सुरक्षा ही समृद्धि का आधार है।”

योगी के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई
सीएम योगी के निर्देश के बाद प्रदेशभर में अवैध घुसपैठियों की पहचान और कार्रवाई को लेकर अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने 17 नगर निकायों को आदेश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में नगर निकायों के कामों में लगे रोहिंग्या घुसपैठियों की सूची तैयार करें।
यह सूची संबंधित जिलों के कमिश्नर और पुलिस महानिरीक्षक को सौंपी जाएगी। साथ ही, पहले चरण में हर मंडल में डिटेंशन सेंटर (हिरासत केंद्र) स्थापित करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। इन आदेशों के बाद प्रशासनिक तंत्र सक्रिय हो गया है और कार्रवाई युद्धस्तर पर जारी है।














