पेरिस/मुंबई: फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित भारतीय प्रवासियों के साथ संवाद कार्यक्रम में शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की भावना और चिंता को दृढ़ शब्दों में वैश्विक मंच पर रखा। उन्होंने पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आतंकवाद की जड़ें उसी देश से पोषित होती हैं और अब समय आ गया है कि दुनिया उसे जवाबदेह ठहराए।
प्रियंका ने कहा, “हम न केवल महात्मा गांधी और बुद्ध की भूमि से आते हैं, बल्कि उसी भारत से आते हैं जहां भगवान कृष्ण ने अर्जुन को धर्म की रक्षा के लिए युद्ध करने की प्रेरणा दी थी। जब धर्म पर आंच आए, तो सिर्फ उपदेश नहीं, प्रतिकार भी ज़रूरी है।”
उन्होंने यह भी दोहराया कि पाकिस्तान दुनिया भर में फैले आतंकवाद का मुख्य स्रोत है—चाहे वो अमेरिका का 9/11 हमला हो, यूरोप के शहरों में हिंसा या भारत में मुंबई जैसा भयावह हमला। प्रियंका ने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों को पाकिस्तान से आर्थिक, सैन्य और राजनीतिक समर्थन मिलता है।
“हम भारत में जिस आक्रोश से आतंकवाद को देखते हैं, वही भावना आज हम फ्रांस में साझा कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल रोष प्रकट करना नहीं है, बल्कि विश्वास जताना भी है कि हम आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता चाहते हैं,” उन्होंने कहा।
प्रियंका ने मुंबई हमलों की याद दिलाते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र से आती हैं, जहाँ 26/11 जैसे आतंकी हमले में 160 से अधिक निर्दोष जानें गई थीं। “उस हमले की सच्चाई सब जानते हैं कि इसके पीछे कौन था। दुनिया को अब इससे आंखें नहीं मूंदनी चाहिए,” उन्होंने कहा।
सांसद चतुर्वेदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में पेरिस पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं। उन्होंने कहा कि भारत की 1.4 अरब जनता आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, और आज वह उस एकता की आवाज़ पेरिस में उठा रही हैं।
“फ्रांस और भारत का एक साझा दुश्मन है—आतंकवाद। और उसका स्रोत भी एक है—पाकिस्तान। अब समय आ गया है कि वैश्विक मंचों पर इसकी जिम्मेदारी तय की जाए और पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा कठोर संदेश मिले,” उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा।