गाजीपुर – जिला सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी विभागीय अधिकारी स्वयं बैठक में उपस्थित हों और अपने विभाग की कार्यवाही की अनुपालन आख्या क्रमिक माह व पिछले वर्ष के तुलनात्मक विवरण के साथ प्रस्तुत करें।
हिट-एंड-रन मामलों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने हेतु पुलिस विभाग को मीडिया प्रचार और कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने बताया कि वर्तमान में जिले में हिट-एंड-रन का कोई मामला लंबित नहीं है। यातायात निरीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं का माहवार व वर्षवार विवरण पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की।
विद्यालय आने-जाने वाले वाहनों की संयुक्त जांच के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात विभाग व प्रवर्तन अधिकारियों को दिए गए। बिना हेलमेट, दो से अधिक सवारी या बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले छात्रों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और अर्थदंड लगाने को कहा गया। साथ ही राहवीर योजना के तहत दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये पुरस्कार की जानकारी प्रचारित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर थर्मोप्लास्टिक लाइनिंग, रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन, बैरिकेटिंग और गड्ढों की मरम्मत तत्काल कराने को कहा। हाईवे पर अवैध पार्किंग, रांग साइड ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने व मोबाइल प्रयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय मार्ग पर अवैध कट बनाने वालों के विरुद्ध सीसीटीवी के आधार पर एफआईआर दर्ज कराने को भी कहा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी व परिवहन संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।














