
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। इस हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस घटना ने न केवल देश को झकझोर दिया है, बल्कि भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से चले आ रहे तनाव को और गहरा कर दिया है। हालात जंग के मुहाने तक पहुंच चुके हैं।
गोलीबारी और सर्च ऑपरेशन तेज
हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के अचाबल इलाके में गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। घाटी के सीमावर्ती जिलों — बारामुला, बांदीपोरा और कुपवाड़ा में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। नियंत्रण रेखा (LoC) से सटे सभी राजमार्गों पर कड़े नाके और चेकप्वाइंट्स स्थापित कर दिए गए हैं। सभी सुरक्षाबलों को अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों से लैस किया गया है।
सीमा पर पर्यटन स्थलों को बंद किया गया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कमान पोस्ट, केरन और गुरेज घाटी जैसे सीमावर्ती पर्यटन स्थलों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बिना अनुमति संवेदनशील इलाकों की यात्रा न करें।
आतंकियों पर बड़ी कार्रवाई
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के खिलाफ कड़ा अभियान शुरू कर दिया है। अब तक बांदीपोरा, पुलवामा और शोपियां जिलों में 10 आतंकियों के घरों को ध्वस्त किया जा चुका है। सुरक्षाबलों ने घाटी में 500 से अधिक जगहों पर छापेमारी की है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए
इस नृशंस हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े कदम उठाए हैं। भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। इसके साथ ही सिंधु जल संधि को भी स्थगित कर दिया गया है। दोनों देशों के बीच सभी कूटनीतिक संवाद बंद कर दिए गए हैं और सीमा पर सेना को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
देश में आक्रोश की लहर
पहलगाम हमले ने पूरे देश में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। जनता से लेकर नेताओं तक, सभी ने आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और तेज होगी।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।