
उत्तर प्रदेश में बीजेपी की अंदरूनी खींचतान के बीच दिल्ली में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही है। इस बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आईपी सिंह ने एक बड़ा दावा किया है, जिससे यूपी की राजनीति गरमा गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री, केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, को बदलने की तैयारी हो रही है।
सपा नेता आईपी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “2027 में सपा 300 से अधिक सीटें जीतेगी, जबकि बीजेपी केवल 27 सीटों पर सिमट जाएगी। दोनों उपमुख्यमंत्री कमजोर और अविश्वसनीय नेता हैं और मूल रूप से भाजपा के नहीं हैं। केशव प्रसाद मौर्य को अमित शाह ने उठाकर महत्वपूर्ण पद पर बैठाया, जबकि वह इसके योग्य नहीं थे। ब्रजेश पाठक सत्ता की मलाई खाने के लिए बसपा से भाजपा में शामिल हुए। अमित शाह ने मूल कार्यकर्ता डॉ. दिनेश शर्मा को हटाकर एक कमजोर व्यक्ति को नियुक्त कर दिया, जिसने अपना असली चेहरा दिखा दिया। ऐसा लगता है कि संघ ने अब कमान अपने हाथ में ले ली है, और फिलहाल भाजपा डूबता हुआ जहाज है जिससे लोग भागने की कोशिश कर रहे हैं। सपा कभी ऐसे नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल नहीं करेगी!”
इसके अलावा, आईपी सिंह ने कहा कि लक्ष्मीकांत वाजपेई और स्वतंत्र देव सिंह यूपी के अगले उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य की जगह लक्ष्मीकांत बाजपेयी और स्वतंत्र देव सिंह उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से यूपी बीजेपी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कहा जा रहा है कि पार्टी के कुछ नेताओं के बीच अंदरूनी खींचतान चल रही है। हालांकि, दिल्ली में हो रही बीजेपी की इस बैठक में इस विवाद पर विराम लग सकता है।