गाजीपुर – एक अधिवक्ता ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके साले पर पिस्टल सटाकर दस लाख रुपये के चेक पर जबरन हस्ताक्षर कराने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में दो फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
शादियाबाद थाना क्षेत्र के नेवादा दुर्गविजय राय निवासी अधिवक्ता रविकांत पांडेय ने पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में बताया कि वह जिला न्यायालय में वकालत करते हैं और शहर में मकान बनाने के लिए जमीन की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात चंदननगर कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर गणेशदत्त मिश्रा से हुई। मिश्रा ने शहर में विभिन्न स्थानों पर जमीन होने की बात कही। चंदननगर की एक जमीन पसंद आने पर सात लाख रुपये अग्रिम मांगे गए, जबकि शेष 1.50 लाख रुपये बाद में देने की बात तय हुई।
पीड़ित का आरोप है कि उसने स्वयं, पत्नी और पिता के खातों से आरटीजीएस के माध्यम से गणेशदत्त मिश्रा और उसके कहने पर उसके साले अनुराग पांडेय के खाते में रकम भेजी। 18 जनवरी की शाम चेक देने के बहाने घर बुलाकर दोनों ने पिस्टल दिखाते हुए 10 लाख रुपये के चेक पर हस्ताक्षर और सादे स्टांप पर अंगूठा लगवा लिया। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।














