गाजीपुर देवकली बाजार में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। यह कार्य नमामि गंगे व रेलवे बोर्ड के सलाहकार रितेश पाण्डेय, मुख्य अतिथि यूपी कॉलेज के छात्र नेता अंकुर श्रीवास्तव, जौनपुर के शासकीय अधिवक्ता मनोज भाई तथा खंड कार्यवाह प्रवीण पंकज ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि अंकुर श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच प्रण—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी बोध—राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि संघ से जुड़े सैकड़ों संगठन भारत सहित विश्व के अनेक देशों में सक्रिय होकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। प्राकृतिक आपदाओं के समय स्वयंसेवक अग्रणी भूमिका निभाते हैं तथा शिक्षा, सेवा और जनजागरण के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं।
रितेश पाण्डेय ने युवाओं को राष्ट्र, परिवार और संस्कृति के प्रति समर्पण भाव रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने बड़ों का सम्मान, संस्कारों का पालन और सनातन सभ्यता के अनुरूप आचरण करना चाहिए।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्रवीण पंकज ने की तथा संचालन पुनवासी राम ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता रही।














