गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर द्वारा पारिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में सराहनीय कार्य किया गया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के कुशल निर्देशन में शुक्रवार, 20 फरवरी 2026 को केंद्र में पति-पत्नी के विवाद से जुड़े कुल 08 प्रकरणों की सुनवाई की गई।
सुनवाई के दौरान लंबे समय से विवादित चल रहे एक मामले में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मध्यस्थता कराई गई। काउंसलिंग और आपसी संवाद के माध्यम से बिना किसी दबाव के पति-पत्नी ने अपने गिले-शिकवे भुलाकर पुनः साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद दंपति की सकुशल विदाई कराई गई। इस सफल मध्यस्थता से परिवार में फिर से खुशियों का माहौल लौट आया।
इसके अतिरिक्त तीन अन्य मामलों में समझौता होने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई, जबकि दो प्रकरणों में पक्षकारों को विधिक सुझाव देते हुए फाइलों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों में सहमति न बनने के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई है।
इन सभी प्रकरणों के निस्तारण में काउंसलर कमरूद्दीन, पूजा श्रीवास्तव, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, महिला आरक्षी संध्या एवं महिला आरक्षी अभिलाषा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला सहायता प्रकोष्ठ की इस पहल से न केवल परिवार टूटने से बचे, बल्कि आपसी संवाद और समझदारी के जरिए रिश्तों को नया जीवन भी मिला।















