गाजीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र की रहने वाली महि राजभर ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 11 अप्रैल 2025 को संदीप राजभर निवासी परसोतियां थाना शादियाबाद के साथ हिंदू रीति-रिवाज से कोटिया माई मंदिर नियांव में संपन्न हुई थी।
पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद विपक्षी पक्ष ने रसूम से विदाई कराने की बात कही। आरोप है कि प्रार्थिनी का विपक्षी के साथ पिछले पांच वर्षों से संबंध था और इस दौरान शारीरिक संबंध भी बने।
पीड़िता के मुताबिक 21 अक्टूबर 2025 को उसकी मां केशरी देवी ने संदीप के पिता श्यामलाल राजभर से शादी की तारीख तय कर विदाई कराने की बात कही। अगले दिन जब श्यामलाल घर आए तो उन्होंने दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल, तीन लाख रुपये और अंगूठी की मांग रख दी।
जब पीड़िता की मां ने असमर्थता जताई तो आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बिना दहेज विवाह न करने की बात कही। पीड़िता ने इसे दहेज उत्पीड़न बताते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।
पीड़िता ने बताया कि उसने 26 नवंबर 2025 को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
इस मामले में बिरनो थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














