जयपुर – भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को आतंकवाद के खिलाफ भारत की स्पष्ट नीति, सैन्य पराक्रम और कूटनीतिक सफलता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत अब न तो आतंकवाद को बर्दाश्त करेगा और न ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कमजोर साबित होगा।
जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भैरों सिंह शेखावत स्मृति पुस्तकालय का उद्घाटन करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने सिर्फ सैन्य मोर्चे पर ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बड़ी कूटनीतिक जंग भी लड़ी है — और जीती भी है। उन्होंने सिंधु जल संधि का उदाहरण देते हुए कहा कि यह एक ऐसा ऐतिहासिक निर्णय था, जिसकी न तो पहले कल्पना की गई थी और न ही उस पर विचार हुआ था।
“हमने स्पष्ट कर दिया कि जब तक भारत के दृष्टिकोण से हालात सामान्य नहीं होते, तब तक पुनर्विचार नहीं होगा। यह कूटनीति की पराकाष्ठा थी,” उपराष्ट्रपति ने कहा।
आतंक पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार सटीक कार्रवाई
धनखड़ ने बताया कि भारत ने पहली बार आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सीमा पार जाकर जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के ठिकानों पर सटीक प्रहार किया और दुनिया ने भारत की शक्ति को स्वीकार किया।
“किसी ने प्रमाण नहीं मांगा — क्योंकि भारत की मंशा, सामर्थ्य और नेतृत्व पर विश्वास था।”
उपराष्ट्रपति ने राजस्थान की वीर भूमि का स्मरण करते हुए महाराणा प्रताप और महाराजा सूरजमल को नमन किया। उन्होंने बताया कि कैसे पोखरण-2 परमाणु परीक्षण के जरिए भारत ने पहली बार वैश्विक मंच पर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया।
“आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी शक्ति है और तीसरे स्थान की ओर तेजी से अग्रसर है,” उन्होंने कहा।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि जब भारत की पहचान को चुनौती दी गई, तब प्रधानमंत्री ने बिहार की धरती से दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया। भारत ने अपनी सैन्य शक्ति से दुनिया को ब्रह्मोस मिसाइल का महत्व समझाया।
शेखावत और देवी लाल को दी श्रद्धांजलि
धनखड़ ने भैरों सिंह शेखावत और चौधरी देवी लाल को अपने जीवन के दो पथ-प्रदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेता जनमानस से जुड़े हुए थे और राजनीति में पारदर्शिता और सिद्धांतों को सर्वोपरि रखते थे।
उन्होंने बताया कि राज्यसभा के सभापति रहते हुए भैरों सिंह शेखावत ने सांसदों को अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने के लिए बाध्य किया — जो एक ऐतिहासिक पहल थी।
कार्यक्रम में शामिल हुए कई गणमान्य लोग
इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मदन राठौड़, पूर्व मंत्री नारपत सिंह राजवी, और अभिमन्यु सिंह राजवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।