
गाजीपुर। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भर्ती में फर्जीवाड़े का मामला दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है। मनिहारी क्षेत्र के अंतर्गत युसूफपुर खड़वा गांव की नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा सिंह ने कार्रवाई की आशंका के चलते अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
पूजा सिंह की नियुक्ति सीडीओ के स्टेनो राधेश्याम यादव की पुत्री के रूप में हुई थी, जबकि उनके पति आशीष सिंह सेना से सेवानिवृत्त होकर लेखपाल पद पर कार्यरत हैं। इस मामले को दैनिक जागरण द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पूजा ने तत्काल इस्तीफा दे दिया।
बताया जा रहा है कि जिले में कुल 290 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नियुक्तियां की गई थीं। तत्कालीन जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने मामले की जांच कराई, जिसमें 14 नियुक्तियां फर्जी पाई गईं। फर्जी आय प्रमाणपत्र बनाने में शामिल 10 लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
सीडीपीओ सोनम सिंह ने बताया कि पूजा सिंह ने कुछ दिन पहले ही पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा सौंपा है।
अब तक इस घोटाले में छह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस्तीफा दे चुकी हैं, जबकि कई अन्य नियुक्तियों की जांच जारी है। लगातार खुलासों से जिले भर के अधिकारी-कर्मचारी दबाव में हैं और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।