
यूपी क्राइम – गोरखपुर की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को शनिवार को बड़ी कामयाबी मिली जब उन्होंने झारखंड पुलिस के सहयोग से जमशेदपुर में कुख्यात शूटर अनुज कन्नौजिया को मार गिराया। अनुज मुख्तार अंसारी का करीबी और भरोसेमंद शूटर था, जिसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे।
STF और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ढेर हुआ अनुज
अनुज कन्नौजिया पर पहले ₹1 लाख का इनाम था, जिसे बढ़ाकर ₹2.5 लाख कर दिया गया था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और अपने ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, शनिवार को हुई मुठभेड़ में वह STF की गोलियों से नहीं बच सका। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
मुख्तार के लिए करता था हथियारों की खरीद-फरोख्त
अनुज का नाम सिर्फ शूटर के रूप में ही नहीं, बल्कि हथियारों की खरीद-फरोख्त, शूटर्स की भर्ती और सुपारी लेकर हत्याओं की साजिश रचने में भी था। मुख्तार अंसारी के प्रभावशाली दिनों में अनुज का भी काफी रौब था। लेकिन मुख्तार के कमजोर होने के बाद अनुज का भी अंत तय हो गया था।
दोनों हाथों से एक साथ करता था फायरिंग
अनुज की खासियत यह थी कि वह दोनों हाथों में पिस्टल लेकर एक साथ फायरिंग करता था। इससे वह एक बार में कई लोगों पर हमला कर सकता था। उसकी इसी खूबी के कारण अपराध जगत में उसका नाम खौफ का पर्याय बन चुका था।
प्रेमिका से की थी शादी, गिरोह में थी खूबसूरती की चर्चा
गिरफ्तारी से पहले अनुज की प्रेमिका की सुंदरता के चर्चे उसके गिरोह में आम थे। वह जेल में बंद रहने के दौरान जब भी आजमगढ़, गाजीपुर या अन्य जिलों में पेशी पर जाता, तो अपनी प्रेमिका से मिलने का मौका निकाल ही लेता था। बाद में उसने उसी प्रेमिका से शादी कर ली।
मुख्तार अंसारी की मौत के बाद अनुज ने झारखंड में अपना ठिकाना बना लिया था, लेकिन STF की पैनी नजर से वह ज्यादा दिनों तक नहीं बच सका और अंततः मुठभेड़ में मारा गया।