
Congress Rahul Gandhi targets central govt: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। गुरुवार रात उनका निधन हो गया था। इस अंतिम संस्कार को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों ने राजघाट पर अंतिम संस्कार न किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। इसे पूर्व पीएम का अपमान बताया जा रहा है।
राहुल गांधी का केंद्र पर हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह, देश के पहले सिख प्रधानमंत्री और महान सपूत, का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर सरकार ने उनका अपमान किया है। वे एक दशक तक देश के प्रधानमंत्री रहे और उनके कार्यकाल में भारत आर्थिक महाशक्ति बना। उनकी नीतियां आज भी गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं।”
राहुल गांधी ने आगे कहा कि अब तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों पर हुआ है ताकि लोग आसानी से श्रद्धांजलि दे सकें। उन्होंने सरकार पर पूर्व पीएम का सम्मान न करने का आरोप लगाया।
केजरीवाल का सरकार पर निशाना
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह, जिन्होंने 10 साल तक देश की सेवा की, उनके अंतिम संस्कार के लिए बीजेपी सरकार 1000 गज जमीन भी नहीं दे सकी। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
खरगे ने पीएम को लिखा था पत्र
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे पर पहले ही प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। उन्होंने मांग की थी कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार किसी ऐसी जगह किया जाए जहां समाधि स्थल बनाया जा सके। खरगे ने राजघाट पर अंतिम संस्कार की परंपरा का हवाला दिया था, लेकिन सरकार ने इसे खारिज करते हुए निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार का फैसला किया।
सियासत का केंद्र बना अंतिम संस्कार
पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम संस्कार को लेकर हो रही राजनीति से एक बार फिर केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर है। जहां विपक्ष इसे डॉ. मनमोहन सिंह का अपमान बता रहा है, वहीं सरकार ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।