
आज भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर पूरे देश ने श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें नमन किया। संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, और कई केंद्रीय मंत्रियों व गणमान्य हस्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, पीयूष गोयल, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सभी ने संविधान निर्माता को गहरी कृतज्ञता के साथ याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए कहा,
“भारत रत्न पूज्य बाबासाहेब आंबेडकर को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उनके विचार और आदर्श आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मार्गदर्शक बनकर हमारे प्रयासों को मजबूती और गति दे रहे हैं। सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के उनके सपनों को साकार करने के लिए देश आज समर्पण के साथ कार्य कर रहा है।”
प्रधानमंत्री आज आंबेडकर जयंती के अवसर पर हरियाणा का दौरा भी करेंगे, जहां वे कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
डॉ. आंबेडकर की जयंती पर देशभर में सार्वजनिक अवकाश रहता है। स्कूल, बैंक और कई सरकारी संस्थान इस दिन बंद रहते हैं। विभिन्न राज्यों में श्रद्धांजलि सभाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मोमबत्ती जुलूस आयोजित कर बाबा साहब को याद किया जाता है।
डॉ. आंबेडकर न केवल भारतीय संविधान के प्रमुख वास्तुकार थे, बल्कि स्वतंत्र भारत के पहले कानून और न्याय मंत्री भी थे। उन्होंने सदियों से वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और आज भी सामाजिक न्याय की प्रेरणा बने हुए हैं।