गाजीपुर – समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मैदान, प्रकाशनगर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कुल 108 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी नव दंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने मंच से बटन दबाकर वधुओं के खातों में 60 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एक कल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से गरीब, मजदूर और असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह संपन्न कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं पर भी अंकुश लग रहा है।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि बेटियों को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ाकर स्वावलंबी बनाना जरूरी है। उन्होंने नव दंपतियों से भ्रूण परीक्षण न कराने और बेटा-बेटी को समान सम्मान देने की अपील की। जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 60 हजार रुपये वधु के खाते में, 25 हजार रुपये उपहार सामग्री और 15 हजार रुपये आयोजन के लिए दिए जाते हैं।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।














